बिजली कॉरपोरेशन ने 31 मार्च तक का दिया था समय, प्रदेश में 70 हजार लोगों पर होगी कार्रवाई
एक साल से भुगतान नहीं करने वालों पर पहले चरण में सख्ती
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कॉरपोरेशन सख्त हो गई है। मंगलवार को शहर के गांधीनगर क्षेत्र के 300 से ज्यादा लोगों के कनेक्शन काटे गए हैं। इन लोगों को 31 मार्च तक बिजली बिलों का भुगतान करने का समय दिया गया है।
इसी प्रक्रिया के तहत प्रदेश के 70 हजार लोगों के कनेक्शन काटे जाएंगे। अब प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में एक साल से बिलों की अदायगी नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
शहर में बुधवार को बिजली कॉरपोरेशन की टीमों ने जगह-जगह कार्रवाई की। साथ ही लोगों को बिलों का भुगतान करने के लिए कहा। इससे पहले मार्च माह में काईवाई हुई थी।
कारपोरेशन के अनुसार उपभोक्ता बिजली का इस्तेमाल करने के बावजूद बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इससे राजस्व घाटा बढ़ रहा है। अब निर्धारित समय पर बिल जमा न होने पर कनेक्शन काटे जाएंगे। उपभोक्ताओं से छह करोड़ रुपये वसूलने हैं। बिल भरने के बाद ही कनेक्शन बहाल होगा। जानीपुर, राजपुरा चुंगी, तालाब तिल्लो, पुराना शहर और बस स्टैंड क्षेत्र में भी कार्रवाई होगी।
प्रदेश में 70 हजार लोगों के कनेक्शन काटे जाएंगे। उपभोक्ता बिजली का बिल नहीं भर रहे हैं। एक साल से बिल न भरने वालों पर पहले कार्रवाई की जा रही है।
-केके थापा, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन