अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जीडीसी मढ़ में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम करवाया। एसपी ग्रामीण राहुल चाढ़क मुख्यातिथि रहे, जबकि एसडीपीओ दोमाना सुनील सिंह और कॉलेज प्रिंसिपल राकेश कुमार कौल विशिष्ट अतिथि रहे। एसपी राहुल चाढ़क ने युवाओं को साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया और बचने के उपाय बताए।
इसके साथ ही सतर्क रहने के लिए कहा। युवाओं को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी दिया। एसपी राहुल चाढ़क ने इंटरनेट बैकिंग, ऑनलाइन फ्राॅड, यूपीआई संबंधित धोखाधड़ी से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा। फेसबुक आईडी हैकिंग, बारकोड के माध्यम से होने वाले फ्राॅड, व्हाट्सएप हैकिंग से बचाव, फर्जी वेबसाइट से फ्राॅड के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने सोशल साइट्स से हनी ट्रैप के संबंध में भी बताया तथा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, बायोमीट्रिक, यूपीआई और सिम कार्ड के माध्यम से फ्रॉड के खिलाफ जागरूक किया।एसडीपीओ दोमाना सुनील सिंह ने नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी एवं नशे से दूरी बनाए रखने को कहा।
एसडीपीओ ने बताया कि नशे का सेवन करने से आपको व आपके परिवार को अनेक समस्याओं से जूझना पड़ता है। यह शरीर के साथ मानसिक, आर्थिक व सामाजिक नुकसान पहुंचाता है। शुरुआत में आमजन शौक के लिए नशा लेते हैं, लेकिन बाद में लत लग जाती है। यदि सब मिलजुल कर समस्या से लड़ेंगे तो नशे से मुक्ति मिल सकती है।
तनाव व नशे का आपस में गहरा संबंध है। यदि किसी समस्या के समाधान के लिए लोग नशे का सहारा लेते हैं तो वह गलत है। एसएचओ दोमाना कुनाल सिंह जमवाल ने फोन कॉल के माध्यम से फ्रॉड, पाॅलिसी, चिट फंड, लाटरी का लालच देकर जालसाजी, ऑनलाइन एप से फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों और शिक्षकों ने अधिकारियों से साइबर सुरक्षा पर सवाल किए। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें विस्तारपूर्वक समझाया। इसके बाद कॉलेज में पौधरोपण किया गया। अंत में प्रिंसिपल राकेश कुमार कोल ने अमर उजाला फाउंडेशन का कार्यक्रम के लिए आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि अमर उजाला समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम करवाता रहे, ताकि सभी को जानकारी मिल सके। इस मौके पर सचिन भगत, डॉ. शकुन शर्मा, पल्लवी मंगोत्रा, अनिता कुमारी, हंस राज, राम दयाल, रवि कुमार, तोवसीफ, अमजीद नदीम, सुमित, मोहित, रशपाल और नीता आदि मौजूद थे।