नेशनल स्कूल गेम्स के तहत सैनिक स्कूल नगरोटा में खेला गया फाइनल मुकाबला
बिहार को रजत और झारखंड को करना पड़ा कांस्य पदक से संतोष
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रोमांचक मुकाबले में मेघालय ने बिहार को हराकर 68वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 बॉयज फुटबॉल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। सैनिक स्कूल नगरोटा में बुधवार को सेमीफाइनल व फाइनल के मुकाबले खेले गए। इस जीत के साथ मेघालय ने स्वर्ण, बिहार ने रजत और झारखंड को कांस्य पदक मिला है।
फाइनल मुकाबले में मेघालय और बिहार के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन मेघालय की टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन कर 1-0 से शानदार जीत दर्ज की। मेघालय के विजय गोल मेबनलमलिंती माशरिंग ने किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
इससे पहले सुबह के सत्र में में सेमीफाइनल में मुकाबले खेले गए थे। इसमें मेघालय ने पश्चिम बंगाल पर 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बिहार और झारखंड के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच के निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद नतीजा पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकला। इसमें बिहार ने झारखंड को 4-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फुटबॉल के इस महाकुंभ में देशभर की 38 टीमों ने हिस्सा लिया। इसका प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर युवा सेवा एवं खेल निदेशालय की ओर से किया गया।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर युवा सेवा और खेल विभाग के सचिव सरमद हफीज मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया। युवा सेवा एवं खेल विभाग के महानिदेशक राजिंदर सिंह तारा, सैनिक स्कूल नगरोटा के प्रिंसिपल कैप्टन (भारतीय) शिबू देवासिया भी मौजूद थे।