बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद से मुलाकात कर उठाया मुद्दा
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बार एसोसिएशन, जम्मू के पदाधिकारियों ने सोमवार को सांसद जुगल किशोर शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद को अधिवक्ताओं के हित से जुड़ीं मांगों का ज्ञापन सौंपा। सांसद शर्मा ने अधिवक्ताओं की मांगों पर प्राथमिकता से काम करने का आश्वासन दिया।
बार एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप मजोत्रा ने बताया कि ज्ञापन में वकीलों के चैंबरों का निर्माण और विस्तार कराना, न्यायालय में बुनायादी कामों के लिए पैसा आवंटित करना और न्यायालय परिसर में क्रेच की सुविधा स्थापित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही जानीपुर परिसर में ही सभी न्यायाधिकरणों की स्थापना के लिए बहुमंजिला इमारत और स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करने की मांग भी की गई है।
मजोत्रा ने आगे बताया कि सांसद ने अधिवक्ताओं की सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद प्राथमिकता से उन्हें हल करने की बात कही। सांसद शर्मा ने न्यायालय परिसर का दौरा करने की भी सहमति जताई।
इस दौरान बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह, संयुक्त सचिव अंशु महाजन, कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल और अधिवक्ता विपुल किशोर भी मौजूद रहे।