जम्मू नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक में बजट की कमी से शहर में विकास कार्य न होने का मुद्दा गूंजा। इस पर विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के पार्षदों ने भी सवाल उठाए। वहीं, जेएमसी के क्वार्टरों में अन्य विभागों के कर्मचारियों के कब्जे पर हाउस ने नोटिस जारी करने का फैसला भी लिया।
डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बलोरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षदों ने बजट की कमी से विकास कार्य न होने पर घेरा। पार्षदों ने आरोप लगाए कि एस्टीमेट के हिसाब से काम के लिए राशि जारी नहीं हो रही है। इसकी वजह से विकास कार्य अधर में लटके हैं। कम राशि मिलने के कारण सिर्फ ढांचे ही तैयार हो रहे हैं। शहर में रास्ते, नालियां, गलियां, सामुदायिक हाॅल समेत अन्य काम को पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। इसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर 16 की पार्षद निधि मंगोत्रा ने कहा कि शहर में विकास कार्य अधर में लटके हैं। राशि की अदायगी किश्तों में हो रही है। एक किश्त मिलने के बाद छह से आठ माह तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसकी वजह से काम समय पर पूरा नहीं हो रहा है। इसका समर्थन करते हुए वार्ड नंबर 69 की पार्षद गुरमीत रंधावा, वार्ड नंबर 14 के पार्षद परमोद कपाही और पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि वार्ड में विकास के लिए एक साथ राशि जारी की जाए।
बैठक के दौरान डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि अन्य विभागों के कर्मचारियों को जेएमसी के क्वार्टर अलाॅट हुए हैं। मौजूदा समय में 163 के करीब नगर निगम के क्वार्टर हैं। इनमें से 125 क्वार्टर में अलग-अलग विभागों के कर्मचारी रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदन को बताया जाए कि इस पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यह क्वार्टर खाली किए जाएं। इस पर आयुक्त राहुल यादव ने कहा कि नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही विकास के लिए राशि अगले सत्र में मंजूर बजट से मिलेगी।
इन सवालों के भी लिए जवाब
सदन में वार्ड नंबर 49 के पार्षद कमल सिंह ने बीती बरसात में नाले, रास्तों के बहने पर काम शुरू न होने पर संबंधित एक्सईएन से सवाल किया। वार्ड नंबर 75 के पार्षद घार सिंह चिब ने प्राकृतिक जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार करने के लिए कहा। वार्ड नंबर नौ के पार्षद सुनीत कुमार ने यूईईडी द्वारा बीते साल नालों पर हुए काम का विवरण मांगा। हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी के चेयरमैन अरुण गुप्ता ने वार्ड नंबर 25 में पार्कों की हालत में सुधार करने के लिए कहा।
वार्ड नंबर 39 के पार्षद राजिंदर जमवाल ने वार्ड में कितने सफाई कर्मचारी हैं, इस पर जवाब मांगा। वार्ड नंबर 72 के पार्षद रशपाल भारद्वाज ने वार्ड कार्यालय किराये पर चलने और कार्यालय क्यों न बनने संबंधी सवाल किया। वार्ड नंबर 47 की पार्षद शारदा कुमारी ने वार्ड में 100 बेड वाले अस्पताल का काम शुरू न होने पर सवाल किया। वार्ड नंबर 65 के पार्षद अनीता शर्मा ने छह सौ स्ट्रीट लाइट लगने के बाद उन्हें अभी तक चालू न करने पर सवाल किया।