मिशन स्टेटहुड के कार्यकर्ताओं ने रिहाड़ी चुंगी में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मिशन स्टेटहुड जम्मू-कश्मीर की ओर से वीरवार को शहर के रेहाड़ी चुंगी क्षेत्र में रैली निकाली गई। इस दौरान केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने और 24 अप्रैल को महाराजा हरि सिंह की पुण्यतिथि पर अवकाश घोषित करने की मांग की।
अध्यक्ष सुनील डिंपल ने प्रदेश सरकार से इस अप्रैल से दरबार मूव शुरू करने, मुफ्त 200 यूनिट बिजली, 12 एलपीजी सिलिंडर देने की अपील की। उन्होंने भाजपा विधायकों की ओर से जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जा बहाली पर चुप रहने और अपनी दस साल की विफलताओं को छिपाने के लिए ध्यान भटकाने के लिए विधानसभा में हंगामा करने पर अलोचना की।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सभी विधायकों से मौजूदा विधानसभा सत्र में प्रदेश में शराब, नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए उचित कदम उठाने की गुहार लगाई।
उन्होंने सरकार से चार राज्यसभा सदस्यों को नामित करने और एक जम्मू डोगरा को राज्यसभा सीट पर नामांकित करने की भी मांग की। इस मौके पर शमी कुमार, अशोक शर्मा, हैप्पी कुमार, नरेन चॉडर, संजीव कुमार, राजेश कपूर, सनी और राजू आदि मौजूद रहे।