पाक ने पुंछ जिले के मनकोट में सीजफायर का उल्लंघन किया है। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे पाक ने मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार के साथ गोलाबारी शुरू कर दी। इसके बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया।
रविवार को भी हुई थी गोलाबारी
पाकिस्तानी सेना ने रविवार को सीजफायर का उल्लंघन करते हुए कस्बा एवं कीरनी सेक्टर में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशान बना कर गोलीबारी की। सेना की तरफ से भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। गोलाबारी में कहीं पर भी किसी प्रकार का नुकसान होने का समाचार नहीं है।
रविवार शाम करीब तीन बजे पाकिस्तानी सेना ने कस्बा और कीरनी सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार से गोलाबारी शुरू कर दी। सेना ने भी उसी क्रम में जवाब दिया। देर शाम तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। क्षेत्र में दहशत है। लॉकडाउन की वजह से लोगों के घरों में बंद होने के कारण पाकिस्तानी सेना लोगों को नुकसान पहुंचाने के अपने मकसद में सफल नहीं हो पा रही है।