संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने शुक्रवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 850 मेगावाट रैटले जलविद्युत परियोजना व 390 मेगावाट दुल हस्ती जलविद्युत स्टेशन सहित दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं के चल रहे कार्यों और परिचालन स्थिति का निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव के साथ विद्युत विकास विभाग के प्रधान सचिव एच. राजेश प्रसाद, जेकेपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल यादव, किश्तवाड़ के उपायुक्त राजेश कुमार शवन के साथ नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और विद्युत परियोजना अधिकारियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। द्राबशाला ब्लॉक में स्थित रैटले जलविद्युत परियोजना में मुख्य सचिव को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की वर्तमान स्थिति और प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की, पावर इनटेक स्ट्रक्चर, कॉफर डैम, भूमिगत पावरहाउस कांप्लेक्स, टेल रेज्ड टनल का दौरा किया और विभिन्न परियोजना घटकों के कार्यान्वयन की स्थिति का आकलन किया। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को काम की गति में तेजी लाने और परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश जारी किए।उन्होंने प्रमुख परिचालन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करते हुए गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने दुलहस्ती हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर स्टेशन का भी दौरा किया और इसके चल रहे संचालन का निरीक्षण किया।उन्होंने परियोजना अधिकारियों के साथ बातचीत की, परिचालन दक्षता की समीक्षा की और प्रदर्शन को बढ़ाने और लंबित मुद्दों को हल करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। बाद में मुख्य सचिव ने जिला में एनएचपीसी, सीवीपीपीएल और सभी बिजली परियोजनाओं के एचओपी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश कुमार शवन के अलावा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।