संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम के बाद धर्मनगरी में माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने लगी है। 7 मई के बाद जहां प्रतिदिन औसतन 1200 से 1500 श्रद्धालु पहुंच रहे थे वहीं अब यह संख्या बढ़ती नजर आ रही है।
बुधवार को शाम छह बजे तक लगभग 4200 श्रद्धालु माता के पवित्र दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। इसके साथ ही बुधवार को हेलिकॉप्टर सेवा सहित बैटरी कार सेवा भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करवा दी गई है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के चेहरों पर भी रौनक लौट रही है। माना जा रहा है कि गर्मियों की छुट्टियों और मौसम के अनुकूल रहने के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा हो सकता हैं।
इसके अलावा माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार ने भी दर्शनार्थियों को आकर्षित किया है। साथ ही भोजन, पानी, चिकित्सा और आवास जैसी सुविधाओं को बेहतर किया गया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्थानीय दुकानदारों और टैक्सी चालकों ने भी श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि पर संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। धार्मिक आस्था का यह केंद्र हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है ।