संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। मढ़ीन तहसील की हरदो मुट्ठी पंचायत से लापता दो किशोरों का 15 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। किशोरों के लापता होने के पोस्टर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए गए हैं।
वहींए एक-एक दिन गुजरने के बाद लापता किशोरों के परिजन की चिंता भी लगातार बढ़ती जा रही है। रहमत अली के पिता मक्खनदीन ने कहा कि पुलिस लगातार उन्हें आश्वासन दे रही है कि लापता हुए बच्चों की तलाश लगातार की जा रही है,लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी उनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। जब तक बच्चे घर नहीं लौटते उनके लिए कोई कार्रवाई मायने नहीं रखती।
राजबाग थाना प्रभारी अजय चिब ने बताया कि लापता किशोरों की तलाश की जा रही है। वीरवार को भी उज्ज दरिया और उसके आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीमें विभिन्न जगहों पर उनकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि लापता किशोरों की तस्वीर जारी कर उनके पोस्टर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए गए हैं। इसी के साथ मेटाडोर यूनियन, ऑटो यूनियन, बस यूनियन को भी यह पोस्टर दिए गए हैं, ताकि वह वाहनों पर लगाकर इनकी तलाश में सहयोग कर सकें।