जसरोटिया, लखनपुरिया और खजूरिया सहित कई बिरादरियों की हुई वार्षिक मेल
कुलदेवता का आशीर्वाद लेने जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर से सटे जंगलोट गांव में कुल देवता बाबा कौड़ा के देव स्थान पर रविवार को जसरोटिया, लखनपुरिया और खजूरिया सहित कई बिरादरियों की वार्षिक मेल मनाई गई। इसमें जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कुल देवता का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में सुबह सबसे पहले ध्वजारोहण की रस्म की गई। इसके बाद पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन किया। इसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं। इसके बाद भजन-कीर्तन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे विधायक डॉ. भारत भूषण और पूर्व विधायक चरणजीत सिंह जसरोटिया ने कुल देवता की पूजा-अर्चना कर सभी को मेल की बधाई दी।
इस मौके पर जिला विकास परिषद के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू ने कहा कि बाबा कौड़ा के देवस्थान पर होने वाली वार्षिक मेल में जिस तरह से हर बिरादरी के लोग शामिल होकर उनका आशीष प्राप्त करते हैं, यह सुखद अनुभूति प्रदान करने वाला है, क्योंकि इससे हमारी एकता और भाईचारा मजबूत होता है।
उन्होंने आपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के जवानों के अदम्य शौर्य को नमन करते हुए कामना की, कि बाबा कौड़ा उन्हें और शक्ति और साहस प्रदान करें। उन्होंने सभी बिरादरियों के लोगों को ऐसे कार्यक्रमों में बच्चों को भी लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भंडारा लगाया गया।