रियासत में गर्मी से आज भी कोई राहत नहीं मिल पाई। जम्मू में गर्मी का पसीने छुड़ाने का सिलसिला जारी है। पिछले कई दिन से पारा 35-40 डिग्री के बीच बना हुआ है। श्रीनगर सहित घाटी के अन्य स्थलों पर भी तपिश बढ़ी है। कश्मीर में पहुंचने वाले पर्यटकों को भी गर्मी झेलनी पड़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में राज्य के कुछ स्थानों पर हलकी बारिश हो सकती है, लेकिन अधिकांश मौसम साफ रहेगा। जम्मू में रविवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने भी अपने रंग दिखाना शुरू किए। दोपहर को सीधी धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था।
हलके बादलों के छाने पर एक समय ऐसा लग रहा था कि इंद्र देव थोड़ी राहत देंगे, मगर देर शाम तक तपिश से कोई निजात नहीं मिल पाई थी। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।