जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर बुधवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ प्रदेश में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जम्मू शहर में सुबह से ही धूप खिली हुई है। इससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव होने की उम्मीद कम है।
इससे पहले मंगलवार को जिला उधमपुर के चिनैनी क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम बदलने पर घंटों तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मंगलवार सुबह सूर्य देव की तपिश से गर्मी में बढ़ोतरी हो गई थी। लोग गर्मी के कारण सड़कों पर उतरने के लिए भी सोच रहे थे। लेकिन, दोपहर बाद तेज बारिश शुरू होने से लोगों को राहत मिली और उनके जनजीवन पर भी असर पड़ा। वहीं, तेज बारिश होने से नदी नालों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई। मौसम सुहावना हो गया था। पटनीटॉप और नत्थाटॉप में धुंध रही। यहां लोगों को गर्म कपड़े भी पहनने पड़े। हालांकि आज चिनैनी क्षेत्र में भी धूप खिली हुई है।
मंगलवार को रियासी में हुई तेज बारिश
रियासी जिले में मंगलवार दोपहर को हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। वहीं, उमस भरे मौसम में बारिश के बाद थोड़ी ठंडक आई। कई दिनों से गर्मी तथा उमस से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सभी लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार को लगभग तीन घंटे तक हुई बारिश ने तापमान में काफी गिरावट ला दी। साथ ही नदी-नालों में भी पानी उफान पर देखा गया। अचानक आई बारिश के बाद दुकानदारों को भी दुकानों के बाहर लगे सामान को आनन फानन समेटना पड़ा। राखी बेचने वाले दुकानदारों ने तिरपाल डालकर राखी के डिब्बों को बारिश से बचाया।
बूंदाबांदी के बाद उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत
जम्मू संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में मंगलवार को हुई बूंदाबांदी से उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। दोपहर बाद बादल छाने के बाद हल्की बारिश हुई। देर शाम को भी बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बन गया। किसानों के अनुसार आमतौर पर खेतों से चारा लाने और अन्य कृषि कार्य निपटाने के लिए सुबह 11 बजे तक काम करते थे, लेकिन तीन दिन से लगातार तेज धूप निकलने से नौ बजे के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।