जम्मू। औरंगाबाद के गारवेयर क्रिकेट ग्राउंड में सोमवार को महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी का मैच हुआ। इसमें जम्मू और कश्मीर की टीम ने सिक्किम को 141 रनों के बड़े अंतर से हराया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 50 ओवरों में तीन विकेट खोकर 280 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मान्या बनोत्रा ने 125 गेंदों पर 14 शानदार चौकों की मदद से 134 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान शांभवी राजपूत ने 94 गेंदों पर 67 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल थे। वहीं भाग्या लक्ष्मी जमवाल ने 56 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाए।
जम्मू-कश्मीर की सनिया सलाथिया ने 8.1 ओवर में तीन विकेट लिए और रेयांशु रानी ने दो विकेट चटकाए। वहीं, सिक्किम की टीम जम्मू-कश्मीर की सटी हुई गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाई और 139 रनों पर ऑलआउट हो गई। सिक्किम की तरफ से निरंजना ने 48 रन बनाए, जबकि सबिता ने 25 और दीक्षा ने 19 रनों का योगदान दिया। संवाद