दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में एक यूट्यूबर हुए आतंकी हमले में शामिल दो हाइब्रिड आतंकवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सुहैब रियाज और इनायतुल्लाह इकबाल दोनों निवासी सैदापोरा पायीन के रूप में हुई है। उनकी निशान देही पर गोला-बारूद भी बरामद किया है।
विज्ञापन
यूट्यूबर पर आतंकवादी हमले से संबंधित मामला हिररपोरा थाने में दर्ज हुआ था। इसके बाद संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया गया था। जांच के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर शोपियां की अध्यक्षता में एक स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दो संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में उन्होंने आतंकी हमले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। यह भी पता चला कि ये दोनों आतंकवादी संगठन टीआरएफ के हाइब्रिड आतंकवादी के रूप में काम कर रहे थे।
विज्ञापन
खुलासे पर पुलिस और सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स की एक संयुक्त पार्टी द्वारा सैदापोरा पायीन शोपियां के बागों से एक पिस्तौल, मैगजीन और 5 पिस्टल राउंड व एक आईईडी बरामद की है। अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।