सांबा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार युवक
- फोटो : संवाद
सांबा जिले में नशा तस्करी के आरोप में पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी बेनाम तोश ने बताया है उनके हाथ दो अंतरराज्यीय हेरोइन आपूर्तिकर्ता लगे हैं, जिनसे 16 लाख 71 हजार रुपये की नकदी और 20 हजार की हेरोइन बरामद हुई है।
नारको-तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ राजू उर्फ हैप्पी पुत्र मलकीत सिंह और रणजीत सिंह उर्फ कालू पुत्र दर्शन सिंह दोनों निवासी देवीदास पुरा अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस थाना घगवाल में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार सांबा से कठुआ की ओर तेज गति से जा रही एक टाटा नेक्सन कार को टपियाल नाके पर रुकने का इशारा किया गया।
लेकिन, नाका प्वाइंट पर चालक ने चेकिंग से बचने का प्रयास किया। हालांकि, उसका पीछा कर उसे रोक लिया गया। मजिस्ट्रेट चरणजीत सिंह रैना और डीएसपी मोहम्मद उस्मान की उपस्थिति में वाहन की जांच की और व्यक्तिगत तलाशी ली गई।
इस दौरान 16 लाख 71 हजार 520 रुपये और 20 हजार रुपये की हेरोइन बरामद हुई। इसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। मामले की जांच अतिरिक्त एसपी सांबा सुरिंदर चौधरी कर रहे हैं।
एसएसपी ने कहा कि ढाई महीने के दौरान सांबा जिले में तीन महिला हेरोइन आपूर्तिकर्ताओं सहित हेरोइन के कुल 17 आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है और कई अन्य के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।