पुलिस अधिकारी ने बताया कि 15 मार्च को टेंगन गांव में अज्ञात शव मिला था। उसकी पहचान सुहैल रहमान बेग के तौर पर हुई थी। जांच के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्रीनगर की नौगाम पुलिस ने हत्या के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। इसमें शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान नरका बडगाम निवासी साहिल मकबूल, उसकी पत्नी महक साहिल और वसीम अहमद शेख के रूप में हुई है।
विज्ञापन
ये तीनों आरोपी नशा तस्करी से संबंधित गतिविधियों में भी संलिप्त पाए गए हैं। मामला 15 मार्च को टेंगन गांव में मिले अज्ञात शव से जुड़ा है। बाद में मृतक की पहचान श्रीनगर के करफली मोहल्ला निवासी सुहैल रहमान बेग के रूप में हुई थी।
जांच में मिले सुरागों के बाद पुलिस स्टेशन नौगाम में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएचओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर जांच की गई। इसके बाद आरोपी मोहम्मद वसीम शेख को अन्य दो आरोपियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
उसने शव को पालपोरा सोनवार स्थित अपने किराए के आवास से टेंगन तक एक सूमो वाहन में पहुंचाया और ठिकाने लगा दिया। वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। वहीं, मामले की जांच जारी है।