भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से आतंकियों का दल घुसपैठ की की फिराक में है। इसके इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बीओपी पहाड़पुर, पानसर और सतपाल के ठीक सामने पड़ते पाकिस्तान के गांव में संदिग्ध हलचल देखी गई है।
बताया गया है कि तीन से चार आतंकियों का दल आतंकी लांचपैड बड़ा भाई मंसूर में शरण लिए हुए है। इनकी गतिविधियां हाल ही में इससे सटे पाकिस्तान के गांव अभ्याल डोगरा, ठाकुरपुरा और भीखा चक में भी महसूस की गई हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती यह भी है कि आतंकियों का यह दल हथियार या मादक पदार्थों की सप्लाई के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर सकता है। और घुसपैठ के बाद सुरक्षा एजेंसियों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाके या फिर अमरनाथ यात्रा को निशाना बना सकता है।
इसे देखते हुए सुरक्षा पहरे को और भी कड़ा कर दिया गया है। हाईवे से लेकर बॉर्डर के इलाकों में गश्त और नाकेबंदी बढ़ा दी गई है। अमरनाथ यात्रा के बीच सीमा से लेकर हाईवे पर सुरक्षा का थ्री टियर पहरा है।
सुरक्षा एजेंसियां कोई भी लापरवाही नहीं बरतना चाहती हैं। लिहाजा नदी-नालों और घुसपैठ के संभावित रूटों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।