जम्मू कश्मीर में लोकसभा चुनावों को लेकर सुरक्षाबल सजग हैं। आईबी से एलओसी तक सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी बीच रविवार को राजोरी में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जंगली क्षेत्र में एक आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम ने मौके से आठ आईईडी समेत गोली-बारूद बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, राजोरी जिले के थन्नामंडी के अजमताबाद इलाके में रविवार को पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान घने जंगलों के बीच बनाए एक आतंकी ठिकाने का पता चला। मौके पर जांच के दौरान आठ आईईडी, दो वायरलेस सेट, एके47 की तीन मैगजीन, 102 गोलियां, चार्जर व अन्य सामान बरामद हुआ। टीम ने आसपास के इलाके को घेर कर गहनता से छानबीन की। वहीं, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।