जम्मू। खेल विभाग अगले तीन माह में जम्मू-कश्मीर में 15 राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं करवाएगा। इनको जम्मू और श्रीनगर शहरों में करवाया जाएगा। इसमें से नेशनल स्नो रग्बी चैंपियनशिप गुलमर्ग में, सब-जूनियर नेशनल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप और नेशनल थांग-था चैंपियनशिप और फेडरेशन कप वुशु श्रीनगर, जबकि जम्मू में जूनियर नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता जम्मू में होगी।
मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता ने बुधवार को युवा सेवा और खेल विभाग के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने विभाग को मार्च 2022 तक सभी जिलों इंडोर स्टेडियम के साथ फ्लड लाइट स्टेडियम बनने को कहा। बैठक में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान, जम्मू-कश्मीर खेल परिषद ने विभिन्न खेलों में 8.70 लाख खिलाड़ियों को जोड़ा है। प्रदेश में खेल ढांचे को बढ़ावा देने के लिए 40 छोटे खेलो इंडिया जिला स्तरीय केंद्र बनाया जा रहा है जो मार्च 2022 तक पूरे हो जाएगा। प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत बन रहे 22 इंडोर स्टेडियम में से 14 का काम पूरा हो चुका, जबकि आठ अभी निर्माणाधीन हैं। इस दौरान कहा कि बीजिंग में शीतकालीन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी आरिफ मोहम्मद खान अस्ट्रिया में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिसके लिए सरकार ने उसे 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है। बैठक में युवा सेवा और खेल विभाग के प्रमुख सचिव अलोक कुमार, स्पोर्ट्स काउंसिल सचिव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।