दक्षिणी कश्मीर के शोपियां थाने के पास मंगलवार की देर रात संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद तैनात संतरी ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। पहले यह सूचना आई थी कि आतंकियों ने थाने पर हमला कर दिया है। लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध हलचल के बाद संतरी ने हवाई फायरिंग की है। इसके बाद भी पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
वहीं, जिले के रेबान इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर कासो चलाया गया। इस दौरान पूरे इलाके को घेरकर घर-घर तलाशी ली गई।
शांपियां में ही पुलिस ने छापेमारी कर कई पत्थरबाजों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में सेना और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान भी चलाया, जिस दौरान उन्हें लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात पुलिस ने शोपियां में छापेमारी कर कई पत्थरबाजों को गिरफतार किया। वहीं, सेना व पुलिस ने कासो चलाया, जिसमें आतंकियों के साथ झड़प भी हुई लेकिन वह पत्थरबाजी की आड़ में भागने में कामयाब रहे।