जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और किश्तवाड़ में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने यहां पांच से छह आतंकियों की घेराबंदी की है। दोनों जगह खुद को घिरता देख आतंकियों ने गोलीबारी शुरू की। मुठभेड़ शुरू होते ही अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए।
उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी मोहम्मद रईस भट ने बताया कि रामनगर थाना क्षेत्र के जोफर इलाके में संदिग्धों की मौजूदगी का पता चलने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। दोनों ओर से गोलीबारी शुरू होने पर अतिरिक्त सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। शुरुआती सूचना के मुताबिक, यहां तीन आतंकियों के घिरे हाेने की आशंका है। जोफर में घिरे आतंकियों को लेकर माना जा रहा है कि ये वही हैं जो कठुआ मुठभेड़ से बच निकले थे।
उधर, किश्तवाड़ जिले के छात्रू इलाके में बुधवार दोपहर तलाशी अभियान के दौरान खुद को घिरता देख आतंकियों ने कुछ राउंड गोलीबारी की। सुरक्षाबलों ने फौरन जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। आतंकियों की संख्या दो से तीन बताई जा रही है। बहरहाल गोलीबारी थम चुकी है। सुरक्षाबल तलाशी अभियान चला रहे हैं।
हंदवाड़ा में आतंकी साजिश नाकाम, सड़क किनारे आठ किलो वजनी आईईडी बरामद
कुपवाड़ा जिले में हंदवाड़ा के हफरूदा वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंकियों की एक और साजिश को नाकाम कर दिया। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाने के लिए सड़क किनारे आठ किलो की आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाई थी, जिसे सेना ने निष्क्रिय कर दिया। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
पंजाब : भारत-पाकिस्तान सीमा पर पहली बार आईईडी विस्फोट, जवान गंभीर घायल
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बुधवार को एक इंप्रोवाइड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पहली बार है, जब इस सीमा क्षेत्र में इतने खतरनाक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया है। बीएसएफ ने घटना के बाद पंजाब की 553 किलोमीटर लंबी सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया है।