श्रीनगर और जम्मू जिले में शनिवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। जम्मू में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री गिरकर 4.1 और श्रीनगर में सामान्य से 3.8 डिग्री गिरकर माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में हालांकि पिछले चार साल की तुलना में अभी न्यूनतम तापमान अधिक नहीं गिरा है।
पिछले दो दिन से न्यूनतम तापमान के लगातार लुढ़कने से 31 दिसंबर तक पारे में और गिरावट आ सकती है। चिल्ले कलां के बीच कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेह और कारगिल में भी कई जगह पारा अधिक गिरने से नलों में पानी जम रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 29 दिसंबर को भी मौसम प्रभावित रहेगा। जम्मू में रविवार की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। सुबह 11 बजे तक शहर और आसपास के इलाकों में कोहरा छाया हुआ था।
यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सीजन का सबसे सर्द दिन रहा। बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 0.3, बटोत में 0.6, कटड़ा में 5.8, भद्रवाह में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन के साथ रात के तापमान में गिरावट जारी है। श्रीनगर में दिन का पारा भी सामान्य से गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। काजीगुंड में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 5.0, पहलगाम में माइनस 7.0 दर्ज किया गया।
इसके अलावा कुपवाड़ा में माइनस 6.0, कोकरनाग में माइनस 2.2 और गुलमर्ग में माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 14.5 और कारगिल में माइनस 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू में दिसंबर का न्यूनतम तापमान
वर्ष तापमान/तिथि (डिग्री सेल्सियस)
2021 18 दिसंबर को 2.3 डिग्री
2020 18 दिसंबर को 2.8 डिग्री
2019 30 दिसंबर को 2.4 डिग्री
2018 28 दिसंबर को 2.6 डिग्री
2014 27 दिसंबर को 2.4 डिग्री
ऑल टाइम 0.9 डिग्री (28 दिसंबर 1998)