उत्तरी कश्मीर में लश्कर के एक ओजीडब्ल्यू को पट्टन इलाके से सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। सीआरपीएफ, 29 राष्ट्रीय राइफल्स तथा एसओजी की ओर से पट्टन के अंदरगाम में नाका लगाकर चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान बांदीपोरा के हाजिन निवासी साजिद फारूक डार(19) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल तथा दो ग्रेनेड बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह लश्कर के लिए काम कर रहा था। इस बीच सुरक्षा बलों के सूत्रों ने बताया कि वह कुछ ही दिनों में आतंकी संगठन में शामिल होने वाला था। इससे पहले उसे सुरक्षा बलों पर हमले का जिम्मा सौंपा गया था।
सोपोर में नागरिक के घर पर ग्रेनेड हमला
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर के तुजेर गांव में सोमवार की देर रात आतंकियों ने नागरिक गुलाम मोहम्मद के घर पर ग्रेनेड हमला किया। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। एसपी सोपोर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह ग्रेनेड था या और कुछ।