राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर में अब राजभाषा हिंदी को लागू किया जाएगा। केंद्र की उच्च शिक्षा विभाग की टीम ने संस्थान का दौरा कर हिंदी में हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान टीम का नेतृत्व कर रहीं सुनीति शर्मा को बताया गया कि संस्थान में अलग से हिंदी प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है।
संस्थान की ओर से उच्च शिक्षा विभाग को स्टाफ की नियुक्ति का आग्रह किया गया है। शर्मा ने बताया कि देशभर में राजभाषा को लागू करने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है। यदि कोई पत्र व्यवहार हिंदी में होता है तो उसका जवाब भी हिंदी में ही दिया जाना चाहिए। संस्थान की वेबसाइट हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हो।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : रणबीर नहर की सफाई में मिला मोर्टार शेल, बीएसएफ ने नष्ट किया
इसके साथ ही विभिन्न साइन बोर्ड, स्टेशनरी, फार्म, नोटिस बोर्ड, रबर स्टांप भी हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं में हो। इस दौरान उपस्थित संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश सहगल ने कहा कि राजभाषा को लागू करने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध है, यह राष्ट्रीय कर्तव्य भी है।