Jammu kashmir News : हमले में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने इंद गूल निवासी मोहम्मद अब्बास और दचन निवासी अब्दुल मजीद से पूछताछ में कई अहम जानकारियां हासिल की हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
रामबन पुलिस ने दो अगस्त 2022 को पुलिस पोस्ट इंद में ग्रेनेड हमला करने के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। हमले में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने इंद गूल निवासी मोहम्मद अब्बास और दचन निवासी अब्दुल मजीद से पूछताछ में कई अहम जानकारियां हासिल की हैं।
विज्ञापन
पिछले दिनों ही रामबन पुलिस ने आतंकी संगठन जेकेजीएफ के दो संचालकों शाह दीन और मोहम्मद फारूक पदयार निवासी गूल तहसील को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार यह दोनों आतंकी लश्कर कमांडर तालिब हुसैन के संपर्क में थे और आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों ने 50 हजार रुपये की रकम भी हासिल की थी।
इन्हीं दोनों से पूछताछ के बाद मोहम्मद अब्बास और अब्दुल मजीद के नाम सामने आए, जिन्हें पुलिस ने फौरन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। पुलिस का इलेक्ट्रॉनिक निगरानी दल (ईएसयू) आतंकी साजिश से जुड़े तार खंगाल रहा है।