पिछले दस माह से कोविड महामारी में विकट परिस्थितियों में अपने मरीजों की सेवा में जुटे फ्रंट लाइन चिकित्सा कर्मचारियों का लंबा इंतजार आज खत्म हो जाएगा। इस ऐतिहासिक दिन जम्मू-कश्मीर में देश व्यापी स्तर पर कोविड वैक्सीन (टीकाकरण) अभियान शुरू किया जाएगा।
पहले चरण के अभियान में 106000 चिकित्सा कर्मियों को वैक्सीन देने का लक्ष्य है। इसके लिए पहले चरण में जम्मू-कश्मीर में 146500 कोविशील्ड वैक्सीन की डोज पहुंच चुकी है। जिसे सभी बीस जिलों में पहुंचा दिया गया है। अब पहले दिन 30 के बजाय 40 चिकित्सा केंद्रों पर 100-100 चिकित्सा कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।
जीएमसी जम्मू और स्किम्स सोरा, श्रीनगर में राज्य स्तरीय वैक्सीन अभियान के उद्घाटन की शुक्रवार को सारी तैयारी पूरी कर ली गई। जीएमसी जम्मू में सुबह 10 बजे एलजी मनोज सिन्हा उद्घाटन समारोह से जुड़ेंगे। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
इसके बाद अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में कर्मचारियों को वैक्सीन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उद्घाटन समारोह में जीएमसी के सभागार में करीब 15 फीट की स्क्रीन लगाई गई है। इससे पहले प्रदेश में पहले दिन के लिए 30 स्थानों की शिनाख्त की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 40 कर दिया गया है।
बुधवार और रविवार को नहीं होगा टीकाकरण
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. काजी हारून ने बताया कि अब जम्मू और कश्मीर संभाग के 20-20 चिकित्सा केंद्रों पर पहले दिन टीकाकरण किया जाएगा। इसमें प्रत्येक केंद्र पर 100-100 कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी, यानी पहले दिन करीब 4000 कर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज मिलेगी। इसके बाद सोमवार से सभी सीएचसी, शहरी और अन्य दूसरे चिकित्सा केंद्रों पर अभियान को नियमित रूप से चलाया जाएगा। इसमें सामान्य तौर पर बुधवार को टीकाकरण के दिन और रविवार को वैक्सीन नहीं होगी।
जम्मू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि जिले में अब दो के बजाय 4 स्थानों पर पहले दिन चिकित्सा कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। इसमें अब जीएमसी, उपजिला पीएचसी के अलावा उपजिला अस्पताल आरएस पुरा और शहर के प्रमुख जच्चा बच्चा एसएमजीएस अस्पताल में भी कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।
कर्मियों में खुशी की लहर
जीएमसी में पहले दिन वैक्सीन लगवाने वाले सैनिटाइजर सुपरवाइजर राजू ने कहा ये हजारों चिकित्सा कर्मचारियों के खुशी की बात है कि उन्हें पहले चरण में कोविड वैक्सीन मिल रही है। वह भी शनिवार को वैक्सीन लेकर और ऊर्जा के साथ मरीजों की सेवा में जुट जाएंगे।
गुरेज में चॉपर से पहुंचाई गई वैक्सीन
बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र गुरेज में शुक्रवार को चॉपर से कोविड वैक्सीन पहुंचाई गई। वैक्सीन को लेकर खुद मंडलायुक्त कश्मीर साथ में गए और वहां वैक्सीन प्रबंधों का जायजा लिया। इससे पहले टंगधार में चॉपर से वैक्सीन पहुंचाई गई थी। इन दुर्गम और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में वैक्सीन पहुंचाने के लिए दोनों संभागीय अध्यक्षों से संपर्क किया गया है।