जम्मू-कश्मीर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (जेकेसीसीई) में सरकार ने सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 साल कर दी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। जम्मू-कश्मीर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में बैठने के लिए सामान्य वर्ग में अधिकतम आयु सीमा 32 साल किए जाने के फैसले का उम्मीदवारों के अलावा राजनीतिक दलों की तरफ से कड़ा विरोध किया जा रहा था।
कई राजनीतिक दलों ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर अधिकतम आयु सीमा के मामले में रियायत देने का आग्रह किया था। उपराज्यपाल ने उम्मीदवारों की आयु सीमा के एक समय रियायत की घोषणा करते हुए कहा कि उम्मीदवारों व विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों की मांग को देखते हुए आखिरी बार संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग में अधिकतम आयु सीमा को 37 साल किया जा रहा है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों व सेवारत उम्मीदवारों लिए अधिकतम आयु सीमा 39 साल और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा को 40 साल किया गया है।