श्रीनगर। खटवाड़ा त्राल की खानाबदोश बकरवाल समुदाय की छात्रा शबनम सादिक ने जेके बोस परीक्षा में 463 अंक हासिल किए हैं। पुलवामा जिले के ऊपरी इलाके में रहने वाली शबनम ने तिरपाल तले पढ़ाई कर सफलता हासिल की। शबनम के पिता मोहम्मद सादिक बोकड़ा मजदूरी करते हैं। परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। परिवार तिरपाल से बने टेंट हाउस में रहता है। बुनियादी सुविधाओं और निजी कोचिंग की कमी के बावजूद उन्होंने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल त्राल में पढ़ाई की। 12वीं कक्षा के परिणाम में अपनी मेहनत से सफलता हासिल की।
पिता मो. सादिक ने बताया कि उन्होंने बेटी की सफलता पर खुशी है। शबनम ने बिना किसी ट्यूशन के सिर्फ घर और सरकारी स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने प्रशासन से परिवार के लिए उचित आवास प्रदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा, हम तिरपाल के टेंट हाउस में रहते हैं। मेरी बेटी ने गरीबी के बावजूद कुछ असाधारण किया है। मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि हमें एक घर दिलाने में मदद करें। संवाद