श्रीनगर। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य पूरे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका मिशन के साथ पंजीकृत महिलाओं को सफल उद्यमी बनाना है। आजीविका मिशन से लगभग 7 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। इस विशाल मानव संसाधन की सामाजिक जुटान और क्षमता निर्माण के प्रयासों को तेज किया जाए।
मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्य महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करने के लिए कई निर्देश जारी किए। उन्होंने क्लस्टर लेवल फेडरेशनों (सीएलएफ) को सहकारी समिति अधिनियम के तहत सहकारी विभाग में पंजीकृत करने का निर्देश दिया, ताकि उनकी संगठनात्मक संरचना को मजबूत किया जा सके। डुल्लू ने एनआरएलएम को एसएचजी के लिए क्रेडिट लिंकेज को आक्रामक रूप से बढ़ाने का निर्देश दिया, जिसका लक्ष्य इस साल अक्तूबर के अंत तक कम से कम 75,000 लिंकेज हासिल करना है।