श्रीनगर। बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटी पवित्र छड़ी मुबारक यात्रा रविवार को पड़ाव स्थल पहलगाम पहुंची। सोमवार को पहलगाम में लिद्दर नदी के किनारे इस यात्रा के संदर्भ में पूजन और विसर्जन किया जाएगा। उसके बाद यात्रा में शामिल साधु-संत, सुरक्षा बल और श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-पकौड़े के भंडारे का आयोजन होगा। इसी के साथ इस वर्ष की छड़ी मुबारक स्वामी श्री अमरनाथ जी की यात्रा संपन्न हो जाएगी।
श्रावण पूर्णिमा के दिन पवित्र श्री अमरनाथ गुफा में पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना करने के बाद यात्रा पंचतरणी पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद दशनामी अखाड़े के महंत दीपेंद्र गिरी के नेतृत्व में छड़ी मुबारक यात्रा शेषनाग व चंदनबाड़ी होते हुए रविवार को विश्राम स्थल पहलगाम पहुंच गई। 11 अगस्त को पहलगाम में लिद्दर नदी के किनारे भव्य पूजा-अर्चना के बाद छड़ी मुबारक का विसर्जन किया जाएगा।
उसके बाद कढ़ी-पकौड़े का भंडारा आयोजित होगा, जिसमें साधु-संत, सुरक्षाकर्मी और श्रद्धालु शामिल होंगे। छड़ी मुबारक यात्रा इस बार इसलिए भी खास है क्योंकि पहलगाम हमले के बाद पहली बार इतनी बड़ी भव्य धार्मिक यात्रा पहलगाम पहुंची। दर्जनों लोगों ने रात्रि विश्राम भी किया। सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही छड़़ी मुबारक यात्रा के लिए सभी लोग सुरक्षा कर्मियों की सराहना कर रहे थे।