बांदीपुरा। मिशन युवा के तहत जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति (डीएलआईसी) की बैठक मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर बांदीपोरा मंजूर अहमद कादरी की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय में हुई। इस दौरान योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति ने कौशल और व्यवसाय विकास इकाई (एसबीडीयू) के माध्यम से प्रस्तुत मामलों पर विचार-विमर्श किया। जांच और मूल्यांकन के बाद मिशन युवा पहल के तहत वित्तीय और संस्थागत सहायता के लिए 51 प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लगा दी गई।
इस अवसर पर डीसी ने कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने में मिशन युवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वीकृत इकाइयों की सतत सफलता सुनिश्चित करने के लिए अनुमोदन के बाद मजबूत समर्थन और अग्रिम कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को तय समय में लाभार्थियों को मंजूरी देने, लाभ वितरित करने और सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
बैठक में एमए कादरी ने जिले में युवा नेतृत्व वाली उद्यमिता को मजबूत करने और स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त बांदीपोरा एवं मिशन युवा के नोडल अधिकारी जफर हुसैन शाल, एडी रोजगार राबिया इकबाल व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।