श्रीनगर। शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने घोषणा की कि सरकार क्षेत्र में चल रही भीषण गर्मी के मद्देनजर रविवार को स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों को बढ़ाने पर अंतिम फैसला लेगी। पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग को अभिभावकों और छात्रों से स्वास्थ्य पर बढ़ते तापमान के प्रभाव के बारे में कई अनुरोध मिले हैं। उन्होंने कहा, हमें अभिभावकों और छात्रों से कई कॉल प्राप्त हुए हैं, जिसमें गर्मी की छुट्टियों को बढ़ाने पर विचार करने के लिए कहा गया है।
विभाग वर्तमान में स्थिति की समीक्षा कर रहा है और निर्णय लेने से पहले सभी कारकों को ध्यान में रखेगा। बता दें कि कश्मीर संभाग में हायर सेकेंडरी स्तर तक के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल वर्तमान में 23 जून से 7 जुलाई तक गर्मी की छुट्टियां मना रहे हैं। इस 15-दिवसीय अवकाश को क्षेत्र में भीषण गर्मी के मद्देनजर पहले से ही निर्धारित किया गया था, जिसमें श्रीनगर में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था जो 20 वर्षों में जून का सबसे अधिक तापमान था।