खोनमुह में लखपति दीदियों के साथ कृषि मंत्री शिवराज ने भोजन किया।
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर प्रवास के दौरान खोनमुह में ''''''''लखपति दीदी सम्मेलन'''''''' में भाग लिया। महिलाओं को वास्तविक परिवर्तन निर्माता बताते हुए कहा कि मेरी जिंदगी का मिशन बहनों की जिंदगी बदलना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में काफी काम हो रहा है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने दीदियों के आग्रह पर उनके साथ दोपहर का भोजन भी किया।
दीदियों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नेे कहा कि मैंने बचपन से ही अपने गांव में बेटियों के साथ भेदभाव होते देखा था। बेटा पैदा होने पर परिवार में खुशियां छा जाती थीं और बेटी पैदा होने पर सबका चेहरा उतर जाता था। मेरे मन को बड़ी तकलीफ होती थी। मैं जब विधायक बना तो बेटियों की शादी करने लगा। बाद में मुख्यमंत्री बना तो फैसला कर दिया कि बेटियों की शादी सरकार कराएगी। बोले, यहां हमारी बहनें कई तरह के काम कर रही हैं। कई बहनें एक लाख रुपये से ज्यादा की आमदनी प्राप्त कर रही हैं। हर दीदी की आमदनी एक लाख रुपये से ज्यादा होनी चाहिए, ये मोदी जी का मंत्र है।
केंद्रीय मंत्री ने असाधारण उपलब्धि हासिल करने के साथ अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी मनीषा देवी, तजा बेगम, सोनी देवी, परवीना, सामिया जान और शुबीना जान को प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया। मंत्री जाविद डार ने केंद्रीय मंत्री आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में ग्रामीण महिलाओं के लिए अधिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा। महिला लाभार्थियों ने ग्रामीण विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और केंद्र व राज्य सरकार को सम्मान और आत्मविश्वास से भरा जीवन जीने में सक्षम बनाने के लिए उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।