कुलगाम। आपदा की तैयारियों को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन कुलगाम ने शुक्रवार को सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (जीएचएसएस) पहलु में ग्लेशियर झील के फटने से आने वाली बाढ़ को लेकर मॉक ड्रिल की। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की तत्परता और समन्वय का परीक्षण करना एवं आमजन और छात्रों के बीच इस बारे में जागरूकता पैदा करना था।
जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) कुलगाम बशीर अहमद वानी की देखरेख में आयोजित मॉक ड्रिल में भाग लेने वाली सभी टीमों को आपदा के दौरान जानमाल की हानि को कम करने में इस तरह के अभ्यासों के महत्व पर जोर दिया गया। प्रशिक्षित टीमों द्वारा बचाव कार्यों, प्राथमिक चिकित्सा तकनीकों, अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल और निकासी प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित छात्रों और स्थानीय लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर प्रमुख अधिकारियों में एसीआर कुलगाम रेयाज अहमद शाह, सीईओ शब्बीर अहमद, सीएमओ डॉ. शौकत हुसैन और तहसीलदार पहलू शौकत हुसैन आदि लोग मौजूद थे। यह मॉक ड्रिल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं और जिले के विभिन्न कॉलेजों के एनसीसी कैडेटों के सहयोग से आयोजित की गई थी।