श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की मां गुलशन आरा को गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के बाद श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि गुलशन आरा को वीरवार सुबह स्किम्स लाया गया था और तब से वह लगातार चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
हालांकि उनकी बीमारी के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है लेकिन अस्पताल के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि आईसीयू में विशेषज्ञों की एक टीम उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है। पीडीपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, हां, महबूबा की मां को स्किम्स में भर्ती कराया गया है। हम सभी से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं।
सूत्रों ने बताया कि आधिकारिक कार्यक्रम के लिए दिल्ली में मौजूद महबूबा मुफ़्ती ने अपना दौरा रद्द कर दिया है और अपनी बीमार मां से मिलने के लिए श्रीनगर वापस आएंगी। पार्टी के पदाधिकारी और परिवार के सदस्य पहले ही अस्पताल पहुंच चुके हैं।
मेरी नानी के बारे में अनावश्यक अटकलें और घबराहट न फैलाएं: इल्तिजा
महबूबा मुफ्ती की बेटी और पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने एक्स पर किये गए एक पोस्ट में कहा कि मीडिया से अनुरोध है कि मेरी नानी के स्वास्थ्य के बारे में अनावश्यक अटकलें और घबराहट न फैलाएं। उनकी हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।