श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला ज़िले के सोपोर के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) एसए रैना ने कहा कि सोपोर सब-डिवीजन में मुहर्रम के जुलूस पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
एडीसी ने कहा कि अगर कोई इनपुट मिलता है तो मामले की समीक्षा की जाएगी लेकिन जुलूस सामान्य रूप से जारी रहेंगे। रैना ने कहा कि सभी संबंधित विभागों को शोक के दिनों में निवासियों की सुविधा के लिए निर्देश दिए गए हैं। शुरुआती बातचीत के दौरान समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा पानी की आपूर्ति और बिजली को लेकर मुख्य चिंताएं उठाई गईं। जवाब में एडीसी ने आश्वासन दिया कि पानी के टैंकर स्टैंडबाय पर रखे जाएंगे और क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति पहले ही बेहतर कर दी गई है।
एडीसी ने कहा कि हमने सभी विभागों को अलर्ट रहने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कोई कमी न हो। मुहर्रम के दौरान समुदाय की सहायता के लिए बेहतर सुविधाएं और समन्वय मौजूद हैं। इससे पहले एडीसी ने मुहर्रम से संबंधित गतिविधियों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न लाइन विभागों और स्थानीय समुदाय के नेताओं के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व बैठक में सैदपोरा, बोहरीपोरा, ह्यगाम और बुलगाम सहित क्षेत्रों के लिए विस्तृत व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।