श्रीनगर। जम्मू कश्मीर कैजुअल एंड डेली वेजर्स फोरम के अध्यक्ष सज्जाद अहमद पर्रे की अगुवाई में सोमवार को पीएचई विभाग के कैजुअल और डेली वेजर कर्मचारियों ने एक्सचेंज रोड से मार्च निकाला। पुलिस ने इन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया और सीएम आवास घेराव की योजना असफल कर दी।
अस्थायी कर्मियों ने गुपकार स्थित मुख्यमंत्री आवास के घेराव का आह्वान किया गया। सुबह से ही लाल चौक, रेजीडेंसी रोड, बडशाह चौक, एक्सचेंज रोड और आसपास के इलाकों में जम्मू कश्मीर पुलिस की भारी तैनाती की गई थी। एक्सचेंज रोड स्थित पीएचई कार्यालय में सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित हुए। जिन्होंने गेट से बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन पहले से वहां तैनात पुलिस ने उन्हें बाहर निकलने से रोका। इस बीच धक्कामुक्की भी हुई और अनियंत्रित भीड़ ने गेट तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे विफल बनाया। पुलिस द्वारा सज्जाद समेत कई कर्मचारियों को हिरासत में भी ले लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर बात करते हुए सज्जाद पर्रे ने कहा, आज हमने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्लान किया था लेकिन सुबह से पुलिस ने उनके कई कर्मचारियों को गाड़ियों से उतारकर थानों में बंद रखा। यह सरकार की बौखलाहट है जिसकी हम निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार से यह कहना चाहते हैं कि हम आप से आसमान के तारे नहीं मांग रहे केवल चुनाव घोषणापत्र में डेली वेजरों और कैजुअल लेबरों की नियमितीकरण और मिनिमम वेजिज़ एक्ट को लागू करने के जो वादे किये थे उन्हें पूरा करने के लिए बोल रहे हैं।