श्रीनगर। गुलमर्ग में एक फैशन शो को लेकर बढ़ते विवाद के बीच फैशन डिजाइनर ने माफी मांगी है। एक्स पर किये गए पोस्ट में शिवन और नरेश ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया। डिजाइनर जोड़ी ने अपने पोस्ट में लिखा, रमजान के पवित्र महीने के दौरान गुलमर्ग में हमारी हालिया प्रस्तुति से हुई किसी भी ठेस के लिए हमें गहरा खेद है। हमारा एकमात्र उद्देश्य रचनात्मकता और स्कीइंग और स्कीइंग के बाद की जीवनशैली का जश्न मनाना था न कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना था।
पोस्ट में उन्होंने लिखा, सभी संस्कृतियों और परंपराओं का सम्मान हमारे दिल में है और हम उठाई गई चिंताओं को स्वीकार करते हैं। हम किसी भी अनजानी असुविधा के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं और हमारे समुदाय से मिली प्रतिक्रिया की सराहना करते हैं। हम अधिक सावधान और सम्मानजनक होने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अश्लीलता को बढ़ावा देने की अनुमति नहीं दी जा सकती हैः महबूबा
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ऐसी घटना पर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि यह खेदजनक है कि निजी होटल व्यवसायियों को इन आयोजनों के माध्यम से ऐसी अश्लीलता को बढ़ावा देने की अनुमति दी जाती है। उन्होंने एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में लिखा, गुलमर्ग में हाल ही में हुए फैशन शो की अश्लील तस्वीरें देखना बेहद परेशान करने वाला है। यह तथ्य कि रमजान के पवित्र महीने में ऐसा आयोजन हुआ जो एक अभद्र तमाशा बन गया चौंकाने वाला है। यह निंदनीय है कि निजी होटल मालिकों को इन आयोजनों के माध्यम से ऐसी अश्लीलता को बढ़ावा देने की अनुमति दी गई है जो हमारे सांस्कृतिक मूल्यों के बिल्कुल विपरीत है। सरकार इसे निजी मामला बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जवाबदेही से बचने से ऐसे और आयोजनों का मार्ग प्रशस्त हो सकता है जो अंततः हमारी संस्कृति और समाज को गंभीर नुकसान पहुंचाएंगे।
महबूबा मुफ्ती द्वारा यह प्रतिक्रिया प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सदन में दिए गए जवाब के बाद आई। इसमें उमर ने कहा कि गुलमर्ग में फैशन शो के आयोजन में जम्मू-कश्मीर सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। यह कार्यक्रम एक निजी होटल में आयोजित एक निजी समारोह था। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसकी जांच करने का निर्देश दिया गया है। अगर कोई उल्लंघन हुआ है तो मामले को पुलिस को सौंप दिया जाना चाहिए।
बता दें, यह विवाद तब शुरू हुआ जब फैशन शो के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए गए। इसमें मॉडल बर्फ पर चलते हुए दिखाई दिए। इस कार्यक्रम की स्थानीय धार्मिक और राजनीतिक नेताओं ने तीखी आलोचना की। इसमें हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के प्रमुख मीरवाइज़ उमर फारूक भी शामिल थे। उन्होंने इसे रमजान के दौरान असंवेदनशील बताते हुए इसकी निंदा की।
बॉक्स
शो का खेलो इंडिया विंटर गेम्स से कोई संबंध नहीं: टंगमर्ग विधायक
श्रीनगर। बारामुला ज़िले के टंगमर्ग के विधायक फारूक शाह ने फैशन शो की कड़ी निंदा की है। कहा कि इस आयोजन का खेलो इंडिया विंटर गेम्स से कोई संबंध नहीं है। सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दिए हैं। सभी समुदायों की मान्यताओं और भावनाओं का सम्मान करने के महत्व पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि इस तरह के आयोजन अस्वीकार्य हैं और भविष्य में ऐसा नहीं होनी चाहिए।