मुख्य सचिव लेह की ओर से डिजिटल वैन पर जानकारी देते अधिकारी ...
लेह। मुख्य सचिव और उपराज्यपाल लद्दाख के सलाहकार डॉ. पवन कोतवाल ने डिजिटल सीएससी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उधर, सूचना प्रौद्योगिकी के प्रशासनिक सचिव शशांक आला ने सिविल सचिवालय लेह में सीएससी के साथ औपचारिक रूप से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इससे डिजिटल सशक्तीकरण और ई-गवर्नेंस में एक नया अध्याय जुड़ेगा। एमओयू का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं की डिलीवरी को मजबूत करना, नागरिक जुड़ाव को जोड़ना और पूरे क्षेत्र में सीएससी के माध्यम से उद्यमशीलता को बढ़ावा देना है। यह पहल डिजिटल साक्षरता, बैंकिंग और ई-कॉमर्स सहित आवश्यक सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं तक पहुंच की सुविधा प्रदान करेगी। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख कॉमन सर्विस सेंटर महाप्रबंधक फैजान मंजूर ने डिजिटल सीएससी वैन की महत्वपूर्ण विशेषताओं और पूरे भारत में कॉमन सर्विस सेंटरों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं पर एक व्यापक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
उन्होंने आगे कहा कि वीएसएटी युक्त दो छोटी सीएससी वैन पहले से ही चालू हैं। ये वैन गांवों का दौरा करती हैं और घर-घर डिजिटल सेवाएं प्रदान करती हैं। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि इन ई-गवर्नेंस सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए। इस मौके पर प्रशासनिक सचिव सूचना प्रौद्योगिकी यूटी लद्दाख, महाप्रबंधक सीएससी और अन्य मौजूद रहे।