जम्मू। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने प्रवासी कश्मीरी पंडित कर्मचारियों सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से धमकाने वाले आतंकियों पर बड़ी कार्रवाई की है। एसआईए ने अदालत में इनके खिलाफ चार्जशीट दायर की है। ''''''''कश्मीर फाइट'''''''' नाम के इस सोशल मीडिया अकाउंट को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से जुड़े आतंकी संचालित कर रहे थे। इनका उद्देश्य कश्मीरी पंडितों के मन में भय पैदा करना था।
फरवरी 2024 में आतंकी संगठनों के सोशल मीडिया हैंडल से कई धमकी भरे पोस्ट प्रकाशित किए गए थे। इनमें प्रवासी कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद एसआईए ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान ही श्रीनगर निवासी फरहान मुजफ्फर मट्टू को गिरफ्तार किया। मट्टू पर निशाना बनाए गए कर्मचारियों की संवेदनशील जानकारी इकठ्ठा कर साझा करने के आरोप थे। मट्टू ने एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया माध्यमों का प्रयोग करके पाकिस्तान में बैठे आतंकियों को भेजी थी। इसी जानकारी के आधार में “कश्मीर फाइट” नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से प्रवासी कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकाया गया। चार्जशीट में श्रीनगर निवासी शेख सज्जाद अहमद उर्फ सज्जाद गुल का भी नाम है, जो अब पाकिस्तान में है। सज्जाद गुल द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़ा हुआ है और इस मामले का मास्टरमाइंड है। जिला न्याययालय जम्मू में तीसरे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में ये चार्जशीट पेश की गई है।