श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने मंगलवार को विधायकों से कहा कि वे सदन की कार्यवाही के दौरान अपने मोबाइल फोन बंद रखें ताकि विधायिका की पवित्रता बनी रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने यह निर्देश तब दिया जब कुछ विधायकों को अपने मोबाइल फोन से विधानसभा की कार्यवाही का वीडियो बनाते देखा गया।
सत्र के दूसरे दिन सदन में श्रद्धांजलि देने के बाद राथर ने कहा, कुछ सदस्य वीडियोग्राफी कर रहे थे। इस पर उन्होंने कहा कि आपसे अनुरोध है कि आप अपने मोबाइल फोन बंद कर दें। हमें सदन की गरिमा और पवित्रता बनाए रखनी है। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि वे सुनिश्चित करेंगे कि सदस्य विधानसभा के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा, मैं आपसे सहयोग करने का अनुरोध करता हूं। यदि कोई सदस्य सहयोग नहीं करता है, तो मुझे कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
दरअसल जिस समय सीपीआईएम नेता एमवाई तारिगामी पूर्व विधायक मियां बशीर को श्रद्धांजलि देते समय उनके बारे में बोल रहे थे तो वहां सदन में मौजूद कंगन से विधायक और उनके पोते मियां मेहर अली वीडियो बना रहे थे, जिन्हें बाद में मार्शल द्वारा रोका गया था। इसके अलावा भी कुछ सदस्य मोबाइल पर व्यस्त दिखे।