सांबा। केंद्रीय बिजली और भारी उद्योग मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अब न तो पक्षपात है न भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद। विकास कार्यों से नए जम्मू-कश्मीर को बनाया जा रहा है। सांबा जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए गुर्जर ने मंगलवार को जख में जनसंपर्क कार्यक्रम का समापन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में जम्मू-कश्मीर विशेष स्थान रखता है। अधिकारी विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं को साकार करने में कोई कसर न छोड़ें।
इस दौरान उन्होंने 173.48 लाख से पापड़ अवतारां में चार किमी सड़क के निर्माण, 129.80 लाख की लागत से तालूर में पीएमजीएसवाई सड़क के उन्नयन, स्मैलपुर, कर्थोली की जलापूर्ति योजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों का ई-उद्घाटन किया।
जेजेएम के तहत कुल 1029.53 लाख की लागत से राजिंदरपुरा, लोअर बीरपुर और गुड़ा सलाथिया में चल रहे विकास कार्यों का उद्घाटन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में विशेष स्थान है। वर्तमान सरकार गरीब समर्थक सरकार है, जिसने भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया है। लोगों के अनुकूल सरकार बनाई है। पूरे क्षेत्र में समग्र विकास का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उपेक्षित क्षेत्रों में विकास की शुरुआत हो रही है। एम्स, आईआईटी, सड़कें, रेलवे नेटवर्क, हर घर नल, नल में जल, 24 घंटे बिजली राज्य को राष्ट्र के समान विकसित करने में स्पष्ट हैं।
इस दौरान सांसद जुगल किशोर शर्मा, डीडीसी अध्यक्ष केशव दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष डीडीसी बलवान सिंह, उपायुक्त अनुराधा गुप्ता, एसएसपी अभिषेक महाजन के अलावा अन्य डीडीसी, बीडीसी सरपंच, पंच, वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद थे। बिजली एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री ने क्षेत्र के प्रतिभागियों के बीच योजनाओं की जानकारी के प्रसार के लिए कार्यक्रम में लगाए गए विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने जागरूकता बढ़ाने में प्रशासन के प्रयास की सराहना की।