सांबा। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के सांबा सेक्टर के बैनगलाड क्षेत्र में हेरोइन की खेप के साथ तीन घुसपैठियों को मार गिराने की घटना के दिन पकड़े गए दो संदिग्ध हेरोइन की इस खेप को लेने आए थे। दोनों संदिग्धों से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि असल में खेप लेने के लिए तीन लोग आए थे। एक फरार हो गया, जबकि पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
छह फरवरी को जीरो लाइन लांघ कर तारबंदी के पास आने पर तीन पाकिस्तानी घुसपैठियों को बीएसएफ ने मार गिराया था। घुसपैठियों के पास से 36 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। बीएसएफ के अनुसार जिस तरह से हेरोइन की पैकिंग की गई थी, इसे उठाने के लिए तीन लोगाें की जरूरत थी। वहीं, पुलिस की छानबीन में हेरोइन तस्करी के इस पार के नेटवर्क में भी तीन लोगाें का पता चला है। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तीसरे की तलाश की जा रही है। तारबंदी के पास हेरोइन को पाइप के जरिये इस तरफ पहुंचाया जा रहा था। साजिश थी कि तारबंदी के इस पार हेरोइन पहुंचाई जाएगी और उसे यहां के तस्कर उठाकर अपने ठिकानों पर ले जाएंगे लेकिन घुसपैठिए मारे जाने के साथ ही दो तस्कर भी पकड़े गए। इस मामले में सीमावर्ती इलाके के कुछ ठिकानों को भी खंगाला गया है, जहां पर पकड़े गए आरोपी ठहरे थे।