बाड़ी ब्राह्मणा। तेली बस्ती के लेबर चौक पर शुक्रवार देर रात एक बड़ी वारदात सामने आई। इसमें चार हमलावरों ने लूटपाट के इरादे से तेजधार हथियार से मां-बेटे पर हमला कर दिया। दोनों बुरी तरह घायल हो गए। घायल मां-बेटे को ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पीड़ित अफजल ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई बाइक से गोदाम जा रहा था तभी चारों संदिग्धों ने घात लगा कर उसे दबोच लिया और मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी छीन कर उसे धक्का दिया। इससे भाई नीचे गिर गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
अफजल ने कहा, भाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। तेजधार हथियार से सिर पर वार कर दिया। कुछ ही देर बाद उनकी मां भी पहुंच गई, तब तक आरोपियों ने उन पर भी हमला किया और उनके सिर पर वार कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटे को तुरंत ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
पीड़ितों की हालत स्थिर बताई जा रही है लेकिन उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए निगरानी में रखा गया है। अफजल ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है, वह क्षेत्र के ही स्थानीय निवासी हैं और उनका नाम राकेश और दीपू है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और पीड़ितों से बयान दर्ज किए। अफजल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई है। थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा संदीप सिंह चिब ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।