मलबा हटाने पर लाखों खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस
ग्रामीणों ने एलजी और डीसी से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। पुरमंडल से बाड़ी ब्राह्मणा को जोड़ने वाले सड़क मार्ग की हालत प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, टूटे हुए स्लैब और बरसात के दौरान गिरी मिट्टी के ढेर लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों का सफर न केवल लंबा हो रहा है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष अगस्त महीने में हुई भारी बारिश और बाढ़ के दौरान सड़क को काफी नुकसान पहुंचा था। एक वर्ष बीतने के बावजूद लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त हिस्सों की पूरी तरह मरम्मत नहीं कर पाया है। कई स्थानों पर सड़क किनारे गिरी मिट्टी और मलबा आज भी है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गोविंद राम शर्मा, राजेश कुमार, मुकेश कुमार और विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के बाद सड़क से मलबा हटाने और मरम्मत कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। धरातल पर सड़क की स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार दिखाई नहीं देता। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर केवल औपचारिक कार्यवाही की गई जबकि वास्तविक समस्याएं आज भी बनी हुई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मार्ग पर नालों के ऊपर बने स्लैब टूट चुके हैं। लंबे समय से इनकी मरम्मत नहीं की गई है जिसके कारण वाहन चालकों को भारी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात और बाढ़ के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। नालों में पानी भरने के कारण स्लैबों पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन अचानक उनमें फंस जाते हैं जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क मार्ग पुरमंडल क्षेत्र को बड़ी ब्राह्मणा सहित कई अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, छात्र, व्यापारी और श्रद्धालु इस मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों का समय बर्बाद हो रहा है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क मार्ग पर दुर्घटनाओं को न्योता देने वाले सभी खतरनाक स्थानों की तत्काल पहचान कर उनकी मरम्मत करवाई जाए। साथ ही टूटे हुए स्लैबों को बदलने, गड्ढों को भरने और सड़क किनारे पड़े मलबे को पूरी तरह हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, डीसी सांबा आयुषी सूदन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से हस्तक्षेप कर पुरमंडल-बाड़ी ब्राह्मणा सड़क मार्ग की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो आने वाले बरसाती मौसम में दुर्घटनाओं और परेशानियों का खतरा और बढ़ सकता है।