मंडल से उत्तरबहनी क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग का दृश्यस्रोत संवाद
- फोटो : संवाद
छह महीने से क्षतिग्रस्त सड़क, अधूरे पुल और बंद बस सेवा से जनता परेशान
पुरमंडल । पुरमंडल से उत्तरवाहिनी सड़क की हालत पिछले छह महीनों से खस्ता बनी हुई है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बडाक्षेत्र गांव के पास सड़क पूरी तरह टूट चुकी है लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक इसे ठीक नहीं किया गया जिससे लोगों में असंतोष है।
इसी मार्ग पर उत्तरवाहिनी में दो पुलों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद दोनों पुल आज तक तैयार नहीं हो पाए हैं। लोगों ने बताया कि 15 साल पहले बने एक पुल को मात्र एक साल के भीतर ही बरसाती बाढ़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया था लेकिन उसकी विभागीय जांच 15 साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। वहीं, दूसरे पुल का निर्माण कार्य पिछले सात वर्षों से अधूरा पड़ा है और उसकी प्रगति बेहद धीमी है।
स्थानीय निवासी ध्यान सिंह, जोगिंदर शर्मा, महेश्वर प्रसाद, तारा चंद और जनक राज ने बताया कि कुछ ही दिनों में शिवरात्रि का पावन पर्व आने वाला है। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु उत्तरवाहिनी में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। यदि इस दौरान बारिश होती है तो यह मार्ग पूरी तरह बंद हो सकता है जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में अमावस्या के अवसर पर इसी मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं।
लोगों ने जिला विकास आयुक्त और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की है कि शिवरात्रि से पहले सड़क मार्ग को दुरुस्त कर यातायात के लिए सुचारु किया जाए। लोगों ने बताया कि इस सड़क पर पुरमंडल से सांबा होते हुए विजयपुर के लिए दो मेटाडोर सेवाएं चलाई जाती थीं लेकिन पिछले छह महीनों से यह बस सुविधा भी बंद है।