बिश्नाह। वार्ड नंबर 2 स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर दान पात्र में रखी नकदी पर हाथ साफ कर लिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया। मंदिर के ताले टूटे देख मौके पर एकत्रित हुए स्थानीय निवासियों कुलदीप राज और तुलसी दास ने मोहल्ले के ही कुछ युवकों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहल्ले में कुछ नशेड़ी युवक सक्रिय हैं, जिनके पास बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों का आना-जाना लगा रहता है। इससे पूरा मोहल्ला भय और परेशानी के माहौल में रहने को मजबूर है। स्थानीय लोगों द्वारा उक्त युवकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग की गई। घटना की सूचना मिलते ही बिश्नाह पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने स्थानीय निवासियों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।