बिश्नाह। कस्बे के चोरली कोठे इलाके में एक व्यक्ति पर कुछ दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने वारदात के महज 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कोठे चोरली निवासी विपिन कुमार पर गांव चोरली कोठे में एक दुकान के पास निजी रंजिश के चलते धारदार हथियार से हमला किया गया था। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए तुरंत बिश्नाह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए बिश्नाह पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सुशील कुमार निवासी कोठे चोरली को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक अन्य फरार आरोपी बॉबी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। बिश्नाह थाना प्रभारी दीपक ठाकुर ने कहा कि बहुत जल्द दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।