आरएस पुरा। कस्बे के वार्ड दस में स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में जारी विराट संत सम्मेलन के तीसरे दिन संतों ने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को निहाल किया। उदास मार्ग संस्था के 23वें गुरु बाबा भगवान दास जी महाराज तथा स्वामी सिद्धेश्वरानंद जी महाराज विशेष तौर पर संत सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान मंदिर कमेटी की तरफ से आए हुए संतों को सम्मानित भी किया गया। समाज को एकजुट करने तथा समाज को भक्ति मार्ग से जोड़ने के प्रति उनके द्वारा दिए जा रहे योगदान पर प्रकाश डाला गया। श्री दुर्गा माता मंदिर में 20 मई से लेकर 24 मई तक विराट संत सम्मेलन महंत मदन लाल जी महाराज की अध्यक्षता में चल रहा है। इसमें संत अपने प्रवचनों के माध्यम से निहाल कर रहे हैं।
स्वामी सिद्धेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिएं। खासकर नौजवान पीढ़ी को संतों के दिखाए मार्ग पर चलकर हमेशा समाज तथा देश की बेहतरी के लिए काम करना चाहिए तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए। शाम को भंडारे का आयोजन किया गया।